पलामू: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की सुरक्षा ड्यूटी निभाने जा रही महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की सड़क हादसे में मौत हो गई. बबीता कुमारी पलामू के छतरपुर थाना में तैनात थीं. रविवार को परीक्षा केंद्र के लिए जाते समय छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, पलामू जिले में रविवार को JTET-2026 की परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. इसी व्यवस्था के तहत महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की भी परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी लगाई गई थी. वह अपनी ड्यूटी निभाने के लिए जा रही थीं, तभी करमा गांव के पास यह हादसा हो गया.
स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्घटना की जानकारी छतरपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. हादसे की खबर से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है.
महिला पुलिस जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH), मेदिनीनगर भेजा गया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
पलामू में 47 केंद्रों पर हो रही है JTET परीक्षा
गौरतलब है कि पलामू जिले में JTET-2026 की परीक्षा के लिए कुल 47 केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर दो पालियों में 30,422 परीक्षार्थियों के शामिल होने की व्यवस्था है. परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए करीब 1,500 वीक्षक, पांच उड़नदस्ता दल और 30 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस जवानों के साथ महिला और पुरुष होमगार्ड की भी तैनाती की गई थी.


