जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड के जामताड़ा जिले में युवक और युवती के शव रेलवे ट्रैक पर मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना पर दुख जताते हुए ऑनर किलिंग की आशंका व्यक्त की है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की CBI जांच कराने की मांग की है.
बता दे, जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर की सुबह विद्यासागर और मदनकट्टा रेलवे स्टेशन के बीच डाउन रेलवे लाइन पर युवक और युवती के शव मिले थे. मृतकों की पहचान रिंगेचिंगो गांव निवासी रॉकी मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है.
दो साल पहले पंचायत में अलग रहने का हुआ था फैसला
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रॉकी और नाजिया के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. दोनों अलग-अलग समुदायों से थे. बताया जाता है कि करीब दो साल पहले उनके संबंधों को लेकर गांव में पंचायत हुई थी. पंचायत में दोनों को अलग रहने का फैसला सुनाया गया था. ग्रामीणों के अनुसार, इस दौरान युवक के पक्ष पर जुर्माना भी लगाया गया था.
इसके बाद नाजिया के परिजनों ने करीब एक साल पहले उसकी शादी दूसरी जगह कर दी थी. हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि शादी के बाद भी नाजिया का मायके आना-जाना जारी था और दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था.
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस घटना को अत्यंत दुखद और गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है. यदि ऐसा है, तो यह केवल दो जिंदगियों की हत्या नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों पर भी क्रूर प्रहार है.
मरांडी ने जांच एजेंसियों से घटनास्थल की पड़ताल के साथ तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन जांच करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जांच ऐसी होनी चाहिए, जिससे घटना की सच्चाई सामने आए और दोषियों को बचने का मौका न मिले.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI जांच का आदेश देने की अपील की, ताकि किसी भी दबाव या प्रभाव से मुक्त होकर सच्चाई सामने आ सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके.
Also Read : झारखंड : राजस्व कर्मी की संदिग्ध हत्या की SIT जांच की मांग, अर्जुन मुंडा ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

