रांची: JNU प्रकरण को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला सम्मान के मुद्दे पर जवाब मांगा.
जेएनयू के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से जुलूस निकालकर कांग्रेस भवन पहुंचीं. उनके हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे थे. इस दौरान ‘कांग्रेस चुप्पी तोड़ो, JNU की घटना पर जवाब दो’ और ‘राहुल गांधी शर्म करो’ जैसे नारे लगाए गए.
कांग्रेस भवन के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ उनकी नोक-झोंक हुई. इसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं और काफी देर तक नारेबाजी करती रहीं.
महिला सम्मान पर दोहरा मापदंड नहीं चलेगा
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता महिलाओं के अधिकारों, समानता और सम्मान की बात करते हैं. प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ है, लेकिन सवाल यह है कि जब महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला सामने आता है, तो कांग्रेस नेतृत्व की आवाज धीमी क्यों पड़ जाती है?
सीमा सिंह ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा किसी राजनीतिक दल के लिए केवल नारेबाजी का विषय नहीं हो सकता. कांग्रेस नेतृत्व को JNU प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय के लिए आवाज उठाता रहेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी JNU प्रकरण पर बेनकाब हो चुकी है.

सीपी सिंह ने भी कांग्रेस को घेरा
रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, इसलिए उन्हें इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए. महिला सम्मान की बात करना और जवाबदेही के समय चुप रहना दोहरा रवैया है.
प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह समेत पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जायसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लवली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू और डोली जायसवाल सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं.

