कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के दो अन्य प्रमुख नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को शनिवार, 10 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया. तीनों मुंबई से विमान के जरिए दिल्ली पहुंचे थे.
विमान के लैंड करते ही पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए. पार्टी ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है. तीनों नेता दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जानी थी.
अभिजीत दीपके ने पुलिसकर्मियों से कहा, “मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए.” इस पर पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया, “नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है. कृपया सहयोग करें.” पार्टी के अनुसार, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी विमान से उतरने के दौरान हिरासत में लिया गया.
क्यों हिरासत में लिए गए CJP के नेता?
कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था. पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. इसका विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर है. पार्टी और उसके समर्थकों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं तथा मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर सवाल उठाए हैं.
दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. पुलिस की ओर से सुरक्षा संबंधी चिंताओं, कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका और प्रदर्शन की अनुमति के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने जैसे कारण बताए गए. प्रदर्शन के लिए आवेदन 7 अक्टूबर को दिया गया था, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को प्रस्तावित था.
Also Read : ध्रुव राठी को घर से उठाकर ले गई पुलिस, CJP के दावे से मचा हड़कंप

