बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर एनडीए सरकार की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर तीखा असंतोष जताया है.
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बीच बिहार सरकार का हिस्सा होने पर उन्हें खुद शर्मिंदगी महसूस होती है. चिराग पासवान ने कहा कि वह ऐसी सरकार को स्वीकार नहीं कर सकते, जो लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चियों में सुरक्षा की भावना पैदा करने में विफल रहे.
चिराग पासवान ने कहा कि आज की तारीख में बिहार में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है.
उन्होंने कहा, “ये हमारी सरकार की चिंता है. सरकार में एक सहयोगी या हिस्सा होने की वजह से मैं खुद इस सवाल से नहीं भाग सकता हूं. मुझे खुद शर्मिंदगी महसूस होती है कि मैं ऐसी सरकार के साथ हूं जहां ऐसी घटनाएं हो रही हैं. इसको हमलोग कतई हल्के में नहीं ले सकते हैं.”
मैं आक्रोशित हूं, स्वाभाविक है
जब चिराग पासवान से पूछा गया कि क्या वह इस मुद्दे पर कोई बड़ा या कड़ा फैसला ले सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि वह मौजूदा हालात को लेकर आक्रोशित हैं.
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पैदा हुआ डर बिहार की छवि पर भी असर डाल रहा है.
उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय स्तर पर मेरे बिहार की छवि कैसी जा रही है. हमारी बेटियों के मन में डर और असुरक्षा का भाव उत्पन्न हो गया होगा. कोई बच्ची मुझे बता दीजिए जो शाम को घर से निकलने से पहले नहीं सोचती होगी.”
सुरक्षा की भावना नहीं देगी सरकार तो स्वीकार नहीं करूंगा
चिराग पासवान ने कहा कि जिस सरकार का वह हिस्सा हैं, उससे लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा, “मैं जिस सरकार का हिस्सा हूं, मेरी वो सरकार अगर सुरक्षा की भावना ना दे, ये तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा.”
चिराग पासवान की यह नाराजगी पिछले दिनों जमुई में सामने आई घटना के बाद लगातार बढ़ी है. बीते 19 सितंबर को जमुई में कोचिंग से लौट रहे एक किशोर और किशोरी को कुछ लोगों ने रोक लिया था. दोनों के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था. इस घटना ने बिहार में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए.
जमुई की घटना के कुछ ही दिनों बाद समस्तीपुर से भी एक नाबालिग लड़की के साथ सड़क पर बदसलूकी और मारपीट का वीडियो सामने आया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस घटना को लेकर भी चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सख्त कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी देखना जरूरी है कि ऐसी घटनाएं आखिर क्यों हो रही हैं.
Also Read : Opinion : जंतर-मंतर के आंदोलन में नेहा बोरा का तेवर नई राजनीतिक संभावना का संकेत : शिवानंद तिवारी

