JSSC-CGL पेपर लीक मामले की जांच अब पूर्व DGP अनुराग गुप्ता की भूमिका को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों के कारण भी चर्चा में है. पेपर लीक के आरोपों की जांच के बीच अब पूर्व DGP अनुराग गुप्ता की कथित भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि जांच को प्रभावित करने, उसे दूसरी दिशा में मोड़ने और डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट कराने की कोशिश की गई.
इन गंभीर आरोपों का खुलासा जोहर लाइव ने अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में आज सुबह ही CID के हवाले से किया है. हमारी रिपोर्ट में CID की जांच से जुड़े सामने आए तथ्यों के आधार पर अनुराग गुप्ता की भूमिका को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों को सामने रखा गया.
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा है कि गंभीर आरोपों से घिरे अनुराग गुप्ता पर कार्रवाई करने में सरकार आखिर क्यों हिचक रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि अनुराग गुप्ता छात्रों की ओर से लगाए जा रहे पेपर लीक के आरोपों को गलत साबित करने पर कथित तौर पर आमादा थे.
मीडिया के सामने आरोप खारिज करने पर भी सवाल
बाबूलाल मरांडी ने यह भी सवाल उठाया कि अनुराग गुप्ता खुले तौर पर मीडिया के सामने आकर छात्रों के पेपर लीक के आरोपों को खारिज करने की कोशिश क्यों कर रहे थे. उनका कहना है कि झारखंड के छात्र और बेरोजगार आज इन्हीं सवालों का जवाब मांग रहे हैं.
मरांडी ने कहा कि जिस अधिकारी की भूमिका पर ही जांच को प्रभावित करने के गंभीर सवाल खड़े हो रहे हों, उस पर कार्रवाई किए बिना CID की जांच और उसकी निष्पक्षता पर भरोसा कैसे किया जा सकता है.
‘निष्पक्ष जांच कराएं, दोषी मिले तो हो कार्रवाई’
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अनुराग गुप्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अगर जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. इसके बाद मरांडी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड के लाखों युवा बेरोजगारों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को किसी तरह का दबाव नहीं लेना चाहिए और निष्पक्ष जांच के लिए हिम्मत दिखानी चाहिए.
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जांच से खिलवाड़ करने के आरोपों पर कार्रवाई नहीं हुई और दोषी पाए जाने वालों को सजा नहीं मिली, तो इससे भविष्य में भी अधिकारियों के बीच युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का डर खत्म हो सकता है.
Also Read : 150 साल बाद फिर ‘वंदे मातरम्’ पर सियासी संग्राम, राष्ट्रगीत से राष्ट्रवाद तक क्यों छिड़ी जंग


