रांची के मोरहाबादी मैदान में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले राजकीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है. सुरक्षा कारणों से समारोह के दौरान निजी ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. सिर्फ सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन से ही समारोह की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जाएगी.
दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की हुई संयुक्त ब्रीफिंग
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे. आयोजन को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए गुरुवार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने अधिकारियों को जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े निर्देश दिए.
अधिकारियों को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने और मुख्य व विशिष्ट अतिथियों के आगमन-निर्गमन की व्यवस्था व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया.
जवानों और पदाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश
एसएसपी राकेश रंजन ने समारोह में आने वाले लोगों की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने अवांछित व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री को समारोह स्थल में प्रवेश से रोकने के लिए जवानों और पदाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया.
वहीं, एसपी ट्रैफिक ने निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन कराने तथा समारोह के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए. प्रशासन ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
Also Read: झारखंड: 15 अगस्त की तैयारी पूरी, सिमडेगा में 11 प्लाटून करेंगी शक्ति प्रदर्शन


