JPSC-JSSC में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे आंदोलन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सदर अस्पताल से सत्याग्रह स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम जाने की अनुमति मांगी है. उन्होंने 12 अगस्त को रांची के सिविल सर्जन को आवेदन देकर आंदोलन स्थल पर लौटने की अनुमति देने का आग्रह किया.
देवेंद्र महतो के मुताबिक, वह 12 अगस्त को अपनी भूख हड़ताल के 11वें दिन सदर अस्पताल में इलाजरत हैं. 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई में लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की के बाद उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है.
शरीर अस्पताल में, आत्मा आंदोलनकारियों के बीच
आवेदन में देवेंद्र महतो ने कहा कि झारखंड के हजारों छात्र-युवा अपने भविष्य, अधिकार और न्याय के लिए सत्याग्रह स्थल पर संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे समय में आंदोलनकारियों से दूर रहना उनके लिए शारीरिक पीड़ा से अधिक मानसिक पीड़ा का विषय है.
उन्होंने कहा कि उनका शरीर अस्पताल में उपचाराधीन है, लेकिन उनकी आत्मा और संकल्प उन छात्र-छात्राओं के बीच है, जो अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
देवेंद्र महतो ने सिविल सर्जन से उनकी परिस्थिति पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया है. उन्होंने यह भी भरोसा दिया है कि वह चिकित्सकों की ओर से दिए गए सभी आवश्यक निर्देशों और सावधानियों का पालन करेंगे.


