रांची. असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमन्त बिश्वा शर्मा को पत्र भेजकर राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है.
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि असम इस समय भीषण बाढ़ की त्रासदी से गुजर रहा है, जिसमें जान-माल की भारी क्षति हुई है और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं. ऐसे समय में असम के लोगों की सहायता करना हम सभी का मानवीय और नैतिक दायित्व है.
3 करोड़ देगा झारखंड, राहत और पुनर्वास के लिए नागरिकों से अपील
हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य की जनता असम के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है. इसी भावना के तहत झारखंड सरकार असम सरकार के मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये का योगदान दे रही है. उन्होंने झारखंड के सभी सक्षम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी क्षमता के अनुसार राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग करें.
मुख्यमंत्री ने असम के लोगों के धैर्य और साहस की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी लोग एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं. उन्होंने माँ कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटे.
पत्र में हेमन्त सोरेन ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किसी अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो झारखंड सरकार और राज्य की जनता सेवा के लिए हमेशा तैयार रहेगी.

उन्होंने झारखंड की ओर से असम के सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में मानवता को सर्वोपरि रखते हुए एक-दूसरे का साथ देना हम सभी का कर्तव्य है.
Also Read: असम में बाढ़ का कहर: 16 जिलों में 5.64 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 24 घंटे में 21 मौतें



