धनबाद/रांची। झारखंड के कोयला कारोबार पर एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा शिकंजा कस दिया है. मंगलवार सुबह-सुबह धनबाद में कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनसे जुड़े कारोबारियों व सहयोगियों के दर्जनों ठिकानों पर ईडी की टीम ने एक साथ छापेमारी शुरू की. सुबह 7 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में कई टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन, डिजिटल रिकॉर्ड और कारोबारी गतिविधियों की गहन जांच की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क की जांच का हिस्सा मानी जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, ईडी की रडार पर केवल प्रमुख कारोबारी ही नहीं, बल्कि उनके सहयोगी और कारोबारी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोग भी हैं. जिन नामों की चर्चा सामने आई है, उनमें गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान और आलोक सहित अन्य कारोबारी शामिल बताए जा रहे हैं. जांच एजेंसी इन सभी के बीच वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संबंधों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
पूर्व में भी ईडी इन कोयला कारोबारी के ठिकानों पर कर चुकी है रेड
यह पहली बार नहीं है जब एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनके कारोबारी नेटवर्क ईडी के निशाने पर आए है. इससे पहले भी एजेंसी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की थी. उस कार्रवाई में बीसीसीएल से जुड़े ठेकों, अवैध कोयला परिवहन, हवाला नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच की गई थी. बाद में एलबी सिंह को पूछताछ के लिए कई बार समन भी जारी किया गया था.
Also Read : नामकुम में ब्राउन शुगर बेचने वाले गिरोह का खुलासा, 6 गिरफ्तार

