भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने अरगोड़ा थाने में F.I.R किया है. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 23 जुलाई को वे भाजपा कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन पर पत्थर, पानी की बोतल, शीशे की बोतल और डंडे फेंके.
कर रहे थे शांतिपूर्ण प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय से हुआ हमला
कांग्रेस की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से 22 जुलाई को कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया था. इसके विरोध में कांग्रेस ने 23 जुलाई को भाजपा कार्यालय का घेराव करने का कार्यक्रम रखा था. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग के पीछे रहकर शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी कर रहे थे.
भाजपा कार्यालय में जमा था पत्थर
आरोप है कि इसी दौरान भाजपा कार्यालय की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. इस घटना में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कुछ पत्रकारों को भी चोट लगी. कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि हमला करने के लिए पहले से ही भाजपा कार्यालय में पत्थर जमा करके रखे गए थे.
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को घटना से जुड़े वीडियो फुटेज भी सौंपे हैं. पेन ड्राइव में दिए गए वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. आवेदन देने वालों में कुमार राजा, बंधु तिर्की और सोमनाथ मुंडा शामिल हैं.
Also Read : खूंटी पुलिस ने ज्वेलरी चोरी के गिरोह का किया खुलासा, चार गिरफ्तार

