14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि टीडीपीएल कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर रहते हुए उसने जेएसएससी और जेपीएससी की कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित तौर पर फर्जीवाड़ा कर सफलता हासिल की.
नगड़ी निवासी एसएस शर्मा की शिकायत के आधार पर मामले की जांच चल रही थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मनोज तिवारी एक संगठित परीक्षा सिंडिकेट के लिए काम करता था. शिकायत में उसके कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने का भी उल्लेख किया गया था.
चार परीक्षाओं में सफलता पर उठे सवाल
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीजीटीटीसीई-2023 में रोल नंबर 10309146, जेएसएससी सीजीएल-2023 में रोल नंबर 1237696 और रैंक-2, एसीएफ पीटी परीक्षा-2024 में रोल नंबर 24300086 और एमआरओ पीटी परीक्षा-2024 में रोल नंबर 24400147 के साथ एफएसओ लिखित परीक्षा-2023 भी पास की है. शिकायतकर्ता ने इन परीक्षाओं में उसकी सफलता को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की थी.
किराए के मकान में सीआईडी की छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की टीम ने मंगलवार देर रात पोड़ैयाहाट के बांझी रोड स्थित उसके किराए के मकान पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. सूत्रों का दावा है कि छापेमारी में करीब पांच लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. सीआईडी की टीम देर रात तक उससे पूछताछ करती रही.
प्रारंभिक पूछताछ में परीक्षा सिंडिकेट और कथित फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है. गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पोड़ैयाहाट में हड़कंप मच गया है. अब सीआईडी की जांच में यह साफ होगा कि आरोपी की भूमिका क्या थी और क्या इन परीक्षाओं में किसी संगठित गिरोह ने उसकी मदद की थी.
Also Read : JPSC मामले में आज दर्ज होगी FIR, 8 आरोपियों से CID की पूछताछ जारी

