Jamtara : भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को जिला कार्यालय में SIR (विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण) को लेकर जिला स्तरीय बीएलए-2 कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अमित मंडल शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन SIR के बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। कार्यशाला में जिले के सभी आठ मंडलों के बीएलए-2, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।
मतदाता सूची को शुद्ध और सटीक बनाना जरूरी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अमित मंडल ने कहा कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देशहित से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि सही मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। इसलिए हर कार्यकर्ता को इसे देश सेवा का अवसर मानकर गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 और कार्यकर्ता सरकारी बीएलओ के साथ मिलकर काम करें तथा नए योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, मृत या स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम हटाने और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

संदिग्ध नामों को हटाने पर दिया जोर
अमित मंडल ने कहा कि देश के कई हिस्सों में ऐसे लोगों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल हो जाते हैं, जो इसके पात्र नहीं हैं। इससे वास्तविक नागरिकों के अधिकार प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है और इस दिशा में सभी को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। उन्होंने “अभी नहीं तो कभी नहीं” का संदेश देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ इस अभियान में जुटने की अपील की।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि यदि देश और समाज को मजबूत बनाना है तो SIR अभियान को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ सफल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सकता है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यशाला में जिला टोली के सदस्य सुरेश राय, महेंद्र मंडल, सुनील हांसदा, कमलेश मंडल, सुकुमार सर्खेल, चंदन राउत, आभा आर्या, सुजाता सिंह, कमल गुप्ता, मनीष दुबे, बालमुकुंद रविदास समेत जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल एसआईआर टोली, विधानसभा एसआईआर टोली और बड़ी संख्या में बीएलए-2 कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : प्रेम प्रसंग में पत्नी की गला रेतकर ह’त्या, पति और बहू गिरफ्तार

