Chaibasa : चाईबासा के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस, श्रम विभाग और डालसा की संयुक्त कार्रवाई में शहर के केटू होटल में छापेमारी कर 30 महिला-पुरुष मजदूरों और छह नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार सभी लोगों को कथित रूप से बंधुआ मजदूर बनाकर गुजरात ले जाने की तैयारी चल रही थी। कार्रवाई के दौरान मजदूरों को ले जाने के लिए खड़ी राजलक्ष्मी ट्रेवल्स की बस संख्या ओआर 11एच 0797 को भी जब्त कर लिया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने सोमवार को बताया कि रविवार रात पोड़ाहाट एसडीपीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ मानव तस्कर महिला-पुरुषों और नाबालिग बच्चों को होटल में ठहराकर अवैध तरीके से गुजरात भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही डालसा सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साजेस महतो ने कर्रा सोसाइटी फॉर रूल एक्शन, रांची और चाइल्डलाइन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई।
देर रात होटल में घेराबंदी कर छापेमारी
एसपी के निर्देश पर एएसपी सह चक्रधरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में थानेदार अवधेश कुमार, परमेश्वर उरांव, राज किशोर तिवारी, बीरबल चौबे और चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने देर रात केटू होटल की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान होटल में ठहराए गए सभी मजदूरों और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
छह नाबालिग बच्चों का भी रेस्क्यू
रेस्क्यू किए गए लोगों में 30 वयस्क मजदूरों के साथ छह नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। इनमें पांच लड़के और एक लड़की है। सभी बच्चों को सुरक्षित रखने और आगे की काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) चाईबासा के निर्देश पर चाइल्डलाइन चाईबासा को सौंप दिया गया है।
गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गुजरात निवासी दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में निकुंज गोविंद बोरसानिया (32) और कादिवर निलेश भाई (34) शामिल हैं। दोनों गुजरात के मोरवी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस और बाल श्रम अधिनियम की धाराओं के तहत चक्रधरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस पूरे मानव तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
Also Read : लातेहार में हाईवा से टकराकर ऑटो पलटा, 11 महिलाएं घायल, चार रिम्स रेफर


