Palamu : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दारूडीह गांव में एक युवक का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के सुदना निवासी शंभूनाथ मेहता उर्फ रुपेश कुशवाह के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शंभूनाथ मेहता करीब आठ दिन पहले अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए दारूडीह स्थित ससुराल आया था। शादी की तैयारियों के बीच घर में खुशी का माहौल था, लेकिन शनिवार देर रात अचानक एक कमरे में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान कर रही है।
इधर मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि युवक की मौत की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। उन्हें दूसरे लोगों के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने लेस्लीगंज थाना और पलामू एसपी को आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल और थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। एक ओर मृतक के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ससुराल पक्ष भी मामले को लेकर तनाव में है। पूरे इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवक की मौत आत्महत्या है या फिर उसके पीछे कोई साजिश छिपी है।
Also Read : चक्रधरपुर में दो मानव तस्कर गिरफ्तार, 30 मजदूर और 6 बच्चे चंगुल से मुक्त


