Latehar : लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बसिया ब्रिज के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां हाईवा और ऑटो की टक्कर में ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो पर सवार 11 महिलाएं और लड़कियां घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
शादी और समूह बैठक में जा रहे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार ऑटो बालूमाथ से मुरपा गांव की ओर जा रहा था। ऑटो में सवार कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जबकि कुछ महिलाएं स्वयं सहायता समूह की बैठक में भाग लेने के लिए निकली थीं। इसी दौरान बसिया ब्रिज के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे हाईवा से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
कई महिलाओं को आई गंभीर चोटें
घायलों में अख्तरी खातून, मुस्तरी खातून, रेखा देवी, किरण देवी, मधु देवी, एलिजा प्रवीण, माबिया प्रवीण समेत अन्य लोग शामिल हैं। बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अलीशा टोप्पो ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि मुस्तरी खातून, रेखा देवी, किरण देवी और मधु देवी की हालत गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए चारों को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया है। बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार ने मीडिया को बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों से भी पूछताछ की जा रही है।
Also Read : BSF में DIG बने झारखंड कैडर के IPS सुरेंद्र कुमार झा, केंद्र सरकार का आदेश जारी


