Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान मंझलाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय रज्जाक अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रज्जाक किसी काम से अपने गांव से नारायणपुर आ रहे थे। इसी दौरान बरियारपुर गांव के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद जुटी लोगों की भीड़
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायल युवक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया।
भागने की कोशिश में था चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नारायणपुर बस स्टैंड मोड़ के पास कार को पकड़ लिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी कर दी। कुछ देर के लिए वहां तनाव जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की गंभीर हालत को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
Also Read : प्रेमिका से शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, किया हाई वोल्टेज ड्रामा


