Ramgarh : रामगढ़ जिले के बिजूलिया और किसान नगर क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। घर से बिना बताए दामोदर नदी में नहाने गए तीन स्कूली बच्चे तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चे नदी की तेज धारा में बह गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे घर से बिना किसी को बताए दामोदर नदी में नहाने के लिए गए थे। नदी में उतरने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देख वहां काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आयुष कुमार तिवारी नामक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं 13 वर्षीय प्रिंस कुमार और 12 वर्षीय वैभव कुमार तेज धार में बह गए। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में नदी तट पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत बच्चों के परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद मांडू की अंचलाधिकारी तृप्ति विजया कुजूर, रामगढ़ सदर के अंचलाधिकारी रमेश कुमार और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन ने बच्चों की तलाश के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन की ओर से पतरातू डैम से छोड़े जा रहे पानी को बंद करवाया गया, ताकि नदी का बहाव कम हो सके और खोज अभियान में आसानी हो। गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों के साथ दर्जनों स्थानीय लोग भी नदी में बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं। प्रिंस कुमार के दादा ने मीडिया को बताया कि सुबह वह बिना बताए अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। बाद में घटना की सूचना मिली। हादसे के बाद दोनों बच्चों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार नदी में सर्च अभियान चला रही है। देर शाम तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
Also Read : हटाया गया जामताड़ा स्टेशन का 100 साल पुराना फुट ओवरब्रिज


