Ranchi : कांग्रेस के झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में शनिवार को रांची में सीएनजी, पेट्रोल-डीजल, दूध और दही के दाम बढ़ने के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित कार्यक्रम के बाद कमलेश ने कहा कि जब देश में हालात बिगड़ रहे थे, तब भाजपा पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से मुनाफा कमा रही तेल कंपनियों के थोड़े नुकसान को लेकर भाजपा चिंतित है, लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानियों की उसे कोई परवाह नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि थोक महंगाई दर 42 महीने के उच्चतम स्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच चुकी है और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
उनका कहना था कि जिनके हाथों में जनता ने सत्ता सौंपी, आज वही लोग मदद के लिए जनता की ओर टकटकी लगाए नजर आ रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति को विफल बताते हुए कहा कि स्थिति गंभीर है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री और समर्थक आम परिवहन साधनों जैसे साइकिल, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा का दिखावा कर रहे हैं, जबकि जनता को केवल ठोस समाधान चाहिए, न कि बयानबाजी।
कार्यक्रम में विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, सुरेश बैठा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शहजादा अनवर, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, जयप्रकाश गुप्ता, आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, सोनाल शांति, अभिलाष साहू, प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, कुमार राजा सहित कई नेता मौजूद रहे।
Also Read : नेहा राज ह’त्याकांड का 36 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा, अवैध संबंध और बदले की भावना में हुआ म’र्डर


