Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के शिक्षकों ने मार्च और अप्रैल माह का वेतन लंबित रहने के विरोध में शनिवार को डीईओ यानी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने डीईओ मनोज कुमार का घेराव भी किया। प्रदर्शन शिक्षक संघ के बैनर तले किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने कहा कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने बताया कि कई शिक्षकों ने बैंक से लोन लिया हुआ है, लेकिन वेतन नहीं मिलने के कारण समय पर ईएमआई जमा नहीं हो पा रही है। इससे उनके लोन बाउंस हो रहे हैं और बैंक की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है। शिक्षकों ने यह भी कहा कि वे अपने बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे परिवारों पर मानसिक तनाव बढ़ गया है।
शिक्षकों का आरोप था कि डीईओ कार्यालय में विपत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण वेतन भुगतान की प्रक्रिया अटकी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि नियमित सेवा देने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बाद में डीईओ कार्यालय की ओर से आश्वासन दिया गया कि मंगलवार तक दो महीने का वेतन एक साथ शिक्षकों के खातों में भेज दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद शिक्षकों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
Also Read : जामताड़ा में झामुमो छात्र मोर्चा का जोरदार विरोध प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ फूंका पुतला


