Jamshedpur : जमशेदपुर में पिछले 24 घंटे से तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहले टाटानगर रेलवे यार्ड में दिखा यह जंगली जानवर अब रिहायशी इलाके तक पहुंच गया है। बुधवार को मकदमपुर के मुंशी बाड़ी इलाके में एक घर में तेंदुआ घुस जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं जोजोबेड़ा रेललाइन के आसपास भी तेंदुआ देखे जाने की चर्चा है। मिली जानकारी के अनुसार, मकदमपुर निवासी भानु लाल और आभा देवी के घर में अचानक तेंदुआ घुस आया। घर के भीतर तेंदुए को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर तेंदुआ भी घबराकर वहां से भाग निकला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी। पुलिस लगातार गश्त कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम देर से पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी है। बताया जा रहा है कि तेंदुए की हलचल सबसे पहले टाटानगर रेलवे यार्ड में देखी गई थी, जहां झाड़ियों के बीच धब्बेदार जंगली जानवर नजर आया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद वन विभाग ने यार्ड क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए थे। माना जा रहा है कि वही तेंदुआ रेलवे ट्रैक किनारे मौजूद झाड़ियों के रास्ते रिहायशी इलाके तक पहुंच गया। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर रात में अकेले बाहर निकलने से बचने, बच्चों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या वन विभाग को देने को कहा गया है।
Also Read : रंगदारी नहीं मिली तो बस चालक पर चला दी गोली, पुलिस ने चार को दबोचा


