Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह के रहने वाले 61 वर्षीय परवीन जायसवाल की हादसे में गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में मातम पसरा है। परवीन जायसवाल काशीडीह लाइन नंबर-23 के निवासी थे और पिछले 16 दिनों से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती थे, जहां मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 26 अप्रैल को धालभूम क्लब में आयोजित एक रिसेप्शन समारोह के दौरान हुआ था। यह आयोजन उनके भतीजे की शादी के उपलक्ष्य में रखा गया था, जिसमें परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शामिल हुए थे। परवीन जायसवाल भी समारोह की व्यवस्थाओं में जुटे थे। इसी दौरान वह किचन एरिया में पहुंचे, जहां एक बड़े कड़ाहे में तेल गर्म किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उन्हें चक्कर आ गया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे खौलते तेल से भरे कड़ाहे में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद परिजन और अन्य लोगों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। हादसे में उनके शरीर का बड़ा हिस्सा बुरी तरह झुलस गया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार चिंताजनक बनी रही। करीब 16 दिनों तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार को पुलिस की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि इलाके में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
Also Read : PLFI उग्रवादी मोहन कुमार चढ़ा खूंटी पुलिस के हत्थे, मिट्टी में गाड़कर छिपाए हथियार बरामद


