Khunti : खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादी का नाम मोहन कुमार उर्फ राजेश महतो उर्फ राजेश यादव बताया गया। वह रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के गायत्री नगर का निवासी है। उसके पास से हथियार, गोलियां, उग्रवादी पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी कई गंभीर मामलों में वांछित था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
भागने की कोशिश में दबोचा गया
एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया को बताया कि 12 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना के एक मामले का प्राथमिकी अभियुक्त और PLFI का सक्रिय सदस्य राजेश महतो उर्फ राजेश यादव खूंटी आने वाला है। सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। छापेमारी के दौरान खूंटी-तिरला मार्ग स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दीं। इसके बाद उसकी निशानदेही पर ग्राम कटमकुकू में एक नवनिर्मित मकान में छापेमारी की गई। यहां मिट्टी में गाड़कर छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा गोलियां, PLFI के दो पर्चे, तीन मोबाइल फोन और एक छोटा बैग बरामद किया है।
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ बेड़ो, कर्रा, खूंटी और तोरपा थाना में कई मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, हिंसक वारदात और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े आरोप शामिल हैं। उसका एक मामला एनआईए तक भी पहुंच चुका है। हाल ही में कर्रा थाना के दो मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। इससे पहले भी वह पुलिस की निगरानी में था। एसपी का मानना है कि इस गिरफ्तारी से जिले में उग्रवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
Also Read : दुमका में नाबालिग से गैंगरे’प, तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा


