Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। आरोप है कि यह गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी कर उनके पार्ट्स खोलकर बेचने का काम करता था। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि देर रात सिदगोड़ा थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास बाइक सवार कुछ युवक संदिग्ध हालत में नजर आए। पुलिस टीम को देखते ही सभी युवक भागने लगे, जिससे पुलिस का शक और बढ़ गया।
पीछा कर दबोचे गए चारों युवक
पुलिस ने तुरंत पीछा कर चारों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद वाहनों के कागजात की जांच की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनसे सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में युवकों ने वाहन चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो ओल्ड पुरूलिया रोड निवासी 27 वर्षीय रंजीत धीवर, बाबूडीह बस्ती निवासी 27 वर्षीय शेखर प्रमाणिक, कान्हू भट्ठा निवासी 21 वर्षीय संतोष भुइयां उर्फ गोलू और बाबूडीह लालभट्ठा निवासी राज खान उर्फ अयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान के रूप में हुई है।
खंडहर मकान से बरामद हुए चोरी के वाहन
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए वाहन एक सुनसान जगह पर छिपाकर रखे जाते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बारीडीह हाई स्कूल के पास स्थित एक खंडहर मकान में छापेमारी की। यहां से चोरी की एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह चोरी के वाहनों को सीधे इस्तेमाल नहीं करता था, बल्कि उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में बेच देता था। इससे चोरी के वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो जाता था।
कई और मामलों का खुलासा होने की उम्मीद
पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से भी हो सकता है। इस दिशा में जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और चोरी के पार्ट्स कहां बेचे जाते थे। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।
Also Read : ड्रंक एंड ड्राइव जांच के दौरान बवाल, धनबाद में ट्रैफिक पुलिस पर हमला, FIR दर्ज


