Godda : झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत सुरनी पंचायत के घासीचक गांव में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय किशन दास शराब के नशे में था। किसी घरेलू विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर अपनी 55 वर्षीय पत्नी रूबी देवी पर धारदार हथियार (गड़ासा) से हमला कर दिया। उसने महिला पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इलाज के दौरान हुई मौत
घायल रूबी देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह घटना और भी दर्दनाक इसलिए हो गई क्योंकि उस समय मृतका अपने दो पोतों लव और कुश के साथ सो रही थीं। आरोप है कि आरोपी पति ने पहले उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर बच्चों के सामने ही गड़ासे से हमला कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन आरोपी फरार हो गया।
गांव में आक्रोश और दहशत
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोग इस क्रूर घटना से गुस्से में हैं और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया गड़ासा बरामद कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। मामला दर्ज कर जांच जारी है।
Also Read : हाईवे पर भीषण सड़क हादसा : तीन की दर्दनाक मौ’त, आधा दर्जन से अधिक घायल


