Ranchi : झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित प्रश्न पत्र लीक मामले में रांची पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष टीम ने बिहार के सहरसा जिले में छापेमारी कर आरोपी अमृत राज उर्फ बुलबुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में क्लर्क के पद पर कार्यरत था।
पहले गिरफ्तार आरोपियों ने लिया था अमृत का नाम
रांची पुलिस की जांच में पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान अमृत राज का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को सूचना मिली कि अमृत अपने घर सहरसा आया हुआ है। इसी सूचना के आधार पर रांची पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रांची लाया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मामले को लेकर रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर पांडेय ने मीडिया बताया कि जांच के दौरान अमृत राज की भूमिका सामने आई थी। इसी आधार पर उसे सहरसा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है।
11 अप्रैल को हुई थी बड़ी छापेमारी
मालूम हो कि 11 अप्रैल को रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित रडगांव के एक अर्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में पुलिस ने बड़ी छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में कथित सॉल्वर गैंग के सदस्यों समेत 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में खुलासा हुआ था कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को संभावित प्रश्नों के उत्तर रटवाए जा रहे थे। आरोपियों ने दावा किया था कि 12 अप्रैल को होने वाली परीक्षा में यही प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बदले प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब तीन लाख रुपये वसूले गए थे।
अब तक 166 आरोपी पहुंच चुके हैं जेल
इस मामले में अब तक कुल 166 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है और पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हो सकते हैं।
Also Read : प्रिंस खान गैंग के नाम पर कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, चार को पुलिस ने दबोचा


