रघुवर दास बोले- राज्य में स्वास्थ्य विभाग ICU में
प्रदर्शन के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलाI उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में बिजली और पेयजल की स्थिति बेहद खराब हो चुकी हैI गांव हो या शहर, हर जगह लोग परेशान हैंI उन्होंने कहा कि अनियमित बिजली कटौती से आम लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही हैI अस्पतालों में भी इसका असर देखने को मिल रहा हैI रघुवर दास ने कहा कि बिजली व्यवस्था इतनी बदहाल हो गई है कि मरीजों की जान तक जा रही हैI उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “राज्य का स्वास्थ्य विभाग खुद ICU में चला गया हैI”
बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को लेकर सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने बागबेड़ा ग्रामीण बृहत जलापूर्ति योजना का मुद्दा भी उठायाI उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 2018 तक लोगों को पानी की सप्लाई शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन आज तक योजना पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर सकीI उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित की योजनाओं को लेकर गंभीर नहीं है और जनता को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा हैI
बंगाल हिंसा पर भी दी प्रतिक्रिया
रघुवर दास ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद बढ़ रही हिंसा पर भी बयान दियाI उन्होंने कहा कि वहां पूर्व सरकार से जुड़े लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैंI हालांकि उन्होंने दावा किया कि नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगाI
जेएमएम ने केंद्र सरकार को महंगाई पर घेरा
दूसरी तरफ, जिला डीसी कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे जेएमएम नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोलाI पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने कहा कि देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान हैI रसोई गैस, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी की मुश्किलें बढ़ गई हैंI उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिर्फ बड़े पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई के बोझ तले दबती जा रही हैI उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार जल्द महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाएI
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भाजपा और जेएमएम दोनों के कार्यकर्ता एक ही समय पर जिला मुख्यालय पहुंचे थेI ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आयाI जिला डीसी कार्यालय के बाहर और आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई थीI पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस स्थिति पर नजर बनाए रहीI