Jamtara (Rajiv Jha) : झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में 22 फरवरी को हुए दिनदहाड़े हत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जमरूद्दीन अंसारी घटना के बाद से करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। इससे पहले इस मामले में पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
गुप्त सूचना पर घर से हुई गिरफ्तारी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागोरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जमरूद्दीन अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है और जामताड़ा के कई साइबर अपराधों में भी उसका नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसने साइबर ठगी के जरिए काफी संपत्ति भी अर्जित की है। पुलिस पिछले तीन महीनों से आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार अब उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : राजनगर CHC में घोर लापरवाही पर बवाल, स्वास्थ्य मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए


