Saraikela : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं, बल्कि एक बड़े राष्ट्रीय संकल्प की झलक है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली यह सफलता सालों के संघर्ष और समर्पण का नतीजा है। उन्होंने 2021 के चुनावों को याद करते हुए कहा कि उस वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी मुश्किल हालातों में भी हिम्मत नहीं हारी।
उनके मुताबिक, आज जो नतीजे दिख रहे हैं, वो उसी मेहनत और जज्बे का परिणाम हैं।
मोदी-शाह के नेतृत्व को दिया श्रेय
मुंडा ने इस जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के मजबूत नेतृत्व और रणनीति ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया, जिसकी वजह से यह बड़ा जनसमर्थन मिला। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता हर गांव और हर शहर तक पहुंचे और जनता के बीच राष्ट्रहित और विकास का संदेश दिया। इसी वजह से लोगों ने पार्टी पर भरोसा जताया और यह नतीजा सामने आया।
बंगाल की विरासत और नए दौर की शुरुआत
अर्जुन मुंडा ने पश्चिम बंगाल को संस्कृति, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की धरती बताया। उन्होंने कहा कि यह राज्य हमेशा देश को दिशा देने वाला रहा है। उनके मुताबिक, यह जनादेश एक नए दौर की शुरुआत है, जहां विकास और राष्ट्रहित को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों पर भी खुशी जताई और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है। अर्जुन मुंडा ने अंत में कहा कि यह जीत सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगे भी इसी जिम्मेदारी के साथ काम करती रहेगी।
Also Read : रांची के पहाड़ी मंदिर परिसर में बवाल, दो पक्षों में झड़प… देखें वीडियो


