Bhagalpur : भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रविवार देर रात करीब 12:45 बजे पुल के पिलर नंबर 133 के पास सड़क का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। इसके बाद पुल के भागलपुर छोर की ओर शुरुआती हिस्से में धंसान हुआ और बताया जा रहा है कि करीब 33 मीटर हिस्सा गंगा में समा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रशासन ने तत्काल पुल पर आवागमन बंद कर दिया।
पुल पर मौजूद वाहन सुरक्षित हटाए गए
घटना के समय पुल पर कई वाहन मौजूद थे। हालांकि, मौके पर तैनात ट्रैफिक थानेदार और पुलिस बल की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को पीछे हटाया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।
डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी मौके पर पहुंचे और पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए विक्रमशिला सेतु पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। डीएम ने बताया कि पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। डीएम नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर विक्रमशिला सेतु पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
यातायात डायवर्ट, वैकल्पिक मार्ग का निर्देश
इस मामले को लेकर एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि पुल पर यातायात पूरी तरह बंद है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवगछिया की ओर जाने वाले वाहनों को सुल्तानगंज होते हुए मुंगेर पुल की ओर भेजा जा रहा है। इसके लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा बताए गए रास्ते का ही उपयोग करें।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने सभी भागलपुर वासियों और यात्रियों से अपील की है कि फिलहाल विक्रमशिला सेतु की ओर न जाएं। पुल की तकनीकी जांच पूरी होने और मरम्मत कार्य शुरू होने तक आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग
- भागलपुर से नवगछिया जाने के लिए: सुल्तानगंज → मुंगेर पुल → नवगछिया
- पुलिस बल मौके पर तैनात है और यातायात व्यवस्था नियंत्रित की जा रही है।
स्थिति पर प्रशासन की नजर
फिलहाल पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा पूरी तरह सील कर दिया गया है। तकनीकी टीम की रिपोर्ट के बाद ही पुल की सुरक्षा और मरम्मत को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रांची में अपराधियों की अब खैर नहीं! SSP के निर्देश पर हॉट स्पॉट इलाकों में ताबड़तोड़ एंटी क्राइम चेकिंग


