Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर में बन रहे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का इंतजार कर रहे सैकड़ों लाभार्थियों का धैर्य अब टूटने लगा है। रविवार सुबह 200 से ज्यादा लोग जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। लोगों का कहना है कि पूरी राशि जमा करने के बावजूद अब तक उन्हें घर की चाबी नहीं मिली है, जिससे उनकी आर्थिक हालत लगातार बिगड़ रही है। लाभार्थियों ने बताया कि एक तरफ वे किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ बैंक लोन की किस्त भी भरनी पड़ रही है। इस दोहरी मार से परेशान परिवारों का कहना है कि अब उनके पास और इंतजार करने की गुंजाइश नहीं बची है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सरयू राय ने कहा कि बिरसानगर में कुल 21 ब्लॉक बनने थे, लेकिन अब तक सिर्फ दो ब्लॉक ही तैयार हो पाए हैं। इन ब्लॉकों में आवंटन हो चुका है और कई लोगों ने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन भी दे दिया है, इसके बावजूद उन्हें घर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही है। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बताया कि उप नगर आयुक्त के अनुसार अब तक जुडको ने इन आवासों को जेएनएसी को हैंडओवर ही नहीं किया है। वहीं, विभागीय मंत्री ने इस देरी को सामान्य बताते हुए इसे सरकारी प्रक्रिया का हिस्सा बताया, जिस पर सरयू राय ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे अत्यधिक विलंब करार दिया।
इस बीच लाभार्थियों ने 6 मई को शुभ मुहूर्त मानते हुए उसी दिन गृहप्रवेश करने का फैसला किया है। सरयू राय ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि यदि सरकार की ओर से कोई पहल नहीं होती है, तो वे खुद पूजा-पाठ, पंडित, शामियाना, कुर्सी-टेबल और पूजन सामग्री की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश करेंगे और आग्रह करेंगे कि जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी कर ऑनलाइन उद्घाटन कराया जाए, ताकि लोग अपने घरों में जा सकें।
सरयू राय ने यह भी आरोप लगाया कि जिन मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, उनमें भी कई जगह गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं और कुछ जगहों पर दीवारों में दरारें आने लगी हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जहां अन्य राज्यों में प्रधानमंत्री आवास योजना बेहतर ढंग से लागू हो रही है, वहीं झारखंड में इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं।
Also Read : रांची में नशा के कारोबार पर कड़ा प्रहार, तमाड़ जंगल से 700 किलो डोडा जब्त


