Palamu : पलामू जिला प्रशासन ने जनगणना जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत 10वीं, 11वीं और 12वीं के स्कूली बच्चों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जनगणना से जुड़ी जानकारी पहुंच सके। देशभर में जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण शुरू हो गया है, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 1 मई से 15 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी दी गई है, जिसमें लोग वेबसाइट पर जाकर अपने घर और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
स्कूली बच्चों की होगी अहम भूमिका
जिला प्रशासन का मानना है कि 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राएं डिजिटल जानकारी और सामाजिक विषयों को बेहतर तरीके से समझते हैं। इसी वजह से इन्हें जागरूकता अभियान से जोड़ा जा रहा है। बच्चों को जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 33 प्रकार के सवालों और उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि स्कूली बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जनगणना प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि लोग इसे आसानी से समझ सकें और सही जानकारी उपलब्ध करा सकें।
साइबर फ्रॉड से बचाव पर भी फोकस
अभियान के दौरान लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय भी बताए जाएंगे। खासकर ओटीपी किसी के साथ साझा न करने और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर जागरूक किया जाएगा। इसमें भी स्कूली बच्चों की भूमिका अहम होगी। पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि बच्चों को इस अभियान से जोड़ने का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जागरूकता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और बच्चों को जनगणना के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
