Palamu : पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा ओवरब्रिज पर रविवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले आनंद कुमार और मिंशु कुमार के रूप में हुई है। घटना की पुष्टि टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने की है।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से लेस्लीगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेडमा ओवरब्रिज पर उनकी बाइक अचानक रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।
Also Read : गढ़वा के एमजीसीपीएल कैंप में भीषण आग, दो मजदूर झुलसे


