Ranchi : झारखंड में मैट्रिक परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र सन्नी कुमार वर्मा को BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सम्मानित किया। उन्होंने अपने वादे के अनुसार सन्नी को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी, ताकि वह आगे की पढ़ाई बेहतर तरीके से कर सकें। यह सम्मान समारोह भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया गया। आदित्य साहू ने बताया कि सन्नी ने रांची के सेंट अलोयसियस हाई स्कूल से मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक यानी 99.60% हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। सन्नी रांची के मधुकम इलाके के रहने वाले हैं। उनके पिता ब्रजेश कुमार वर्मा कपड़े की दुकान में काम करते हैं और रात में नाइट गार्ड की नौकरी भी करते हैं। परिवार एक छोटे से किराए के घर में रहता है, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद सन्नी ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
आदित्य साहू ने कहा कि सन्नी की मेहनत और संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी हमेशा प्रयासरत है और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आज देश में ऐसा माहौल बना है, जहां सामान्य परिवारों के बच्चे भी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। अगर ऐसे छात्रों को समय पर सहयोग मिले, तो वे देश और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सफलता केवल मेहनत और लगन से मिलती है, बिना प्रयास के कुछ हासिल नहीं होता। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं आदित्य साहू ने बताया कि बाकी दो टॉपर्स को भी जल्द ही 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
Also Read : रांची में TPC संगठन के दो उग्रवादी गिरफ्तार, 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप


