Ranchi : गढ़वा जिले में 3 मई (रविवार) को होने वाली NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू कर दी है। यह आदेश सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगा।
गढ़वा सदर अनुमंडल क्षेत्र में कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्लस टू गोविंद उच्च विद्यालय, नामधारी कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। इन सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। प्रशासन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के आसपास परीक्षा से जुड़े लोगों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार, विस्फोटक और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने की सख्त मनाही है।
200 मीटर के दायरे में भीड़ लगाने, अनावश्यक घूमने, प्रदर्शन करने या नारेबाजी करने पर भी रोक लगाई गई है। साथ ही लाउडस्पीकर या किसी भी तरह के तेज आवाज वाले उपकरणों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा की शुचिता बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड भी सक्रिय रहेगा। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
Also Read : बोकारो वेतन घोटाला: SIT को 10 करोड़ की मनी ट्रेल का सुराग, 1.80 करोड़ खाते फ्रीज


