Gumla: गुमला जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को प्रकृति के प्रकोप के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार पांच बच्चे घायल हो गए हैं। यह हादसा मौनीडीह गांव के पास उस समय हुआ जब बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे।
घायल बच्चों की पहचान अनुरूपा एक्का, नेहा टोप्पो, अनुस उरांव, आथिक बड़ा और साक्षी टोप्पो के रूप में हुई है। ये सभी संत माइकल पब्लिक स्कूल महुआडांड़ के छात्र हैं और अकसी गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार स्कूल से छुट्टी होने के बाद सभी बच्चे रिजर्व ऑटो से घर जा रहे थे तभी अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण सड़क पर फिसलन हो गई जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सड़क पर तीन से चार बार पलटा जिससे बच्चों में चीख पुकार मच गई। इस हादसे में सात वर्षीय अनुस उरांव का बायां हाथ टूट गया है और उसे गंभीर चोटें आई हैं। अन्य चार बच्चों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में अंदरूनी चोट लगी है। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और बच्चों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं लेकिन उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब मौसम के दौरान स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं।
Also read : हजारीबाग हत्याकांड और पत्रकार पर हमले की जांच करेगी कांग्रेस, चार सदस्यीय समिति गठित


