Ranchi : राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग पर लगने वाले जाम को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। हिनू चौक से हेथु चौक तक के पूरे रास्ते को अब No Parking Zone घोषित कर दिया गया है। इस फैसले के बाद अब इस मार्ग पर सड़क के दोनों किनारों पर गाड़ियां खड़ी करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। नगर निगम के इस निर्णय का मकसद एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और आम लोगों को जाम से राहत देना है। अक्सर इस रास्ते पर सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी रहने के कारण यातायात बाधित होता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
निरीक्षण के बाद लिया गया फैसला
यह निर्णय भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से मिले सुझाव के बाद लिया गया है। इसके लिए एक समिति बनाई गई थी, जिसने मौके पर जाकर पूरे इलाके का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि इस मार्ग पर पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनती है और लोगों को असुविधा होती है। इसी के आधार पर यह कदम उठाया गया।
कहां-कहां रहेगा पार्किंग पर प्रतिबंध
नगर निगम के अनुसार, एयरपोर्ट रोड पर संतोषी माता मंदिर (हिनू) से लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र रांची होते हुए CISF कैंप तक सड़क के दोनों ओर किसी भी तरह की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस क्षेत्र में यदि कोई वाहन खड़ा पाया गया, तो उस पर कार्रवाई की जा सकती है।
कानून के तहत मिली है शक्ति
नगर निगम ने यह फैसला “Control of Parking and Collection of Parking Fees Regulations, 2016” के तहत लिया है। इस नियम के कंडिका 5 के अनुसार, निगम को अधिकार है कि वह यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किसी भी सड़क या स्थान को No Parking Zone घोषित कर सकता है।
नागरिकों से अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे इस नियम का पालन करें और एयरपोर्ट रोड पर गाड़ियां खड़ी न करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें। निगम का मानना है कि इस कदम से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
Also Read : अब बिजनेस गुरु बनेगा IIM कोलकाता: झारखंड की 50 हजार महिलाओं को मिलेगी ट्रेनिंग


