Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत मऊभंडार ओपी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी और सप्लाई के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका कुल वजन करीब 9.380 ग्राम बताया गया है। मंगलवार को एसडीपीओ अजीत कुजूर ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मऊभंडार इलाके में कुछ युवक ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मऊभंडार पुलिस ने तुरंत छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने सुजीत राणा, करण व्यास, अर्जुन व्यास, सौरभ दत्ता और संजय दत्ता को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी मऊभंडार ए ब्लॉक और मनोहर कॉलोनी के रहने वाले बताए गए हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से अन्य जरूरी सामान भी जब्त किया है।
आदित्यपुर और सरायकेला से लाते थे नशा
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि यह गिरोह आदित्यपुर और सरायकेला क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर घाटशिला और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी खासकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को निशाना बना रहे थे। उन्हें धीरे-धीरे नशे की लत लगाकर ग्राहक बनाया जा रहा था, ताकि इस अवैध कारोबार को तेजी से बढ़ाया जा सके। एसडीपीओ ने कहा कि कम उम्र के युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की यह कोशिश बेहद गंभीर मामला है और पुलिस इसे पूरी सख्ती से ले रही है।
पूछताछ में मिले बड़े सुराग
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिली है। पुलिस अब पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एसडीपीओ अजीत कुजूर ने कहा कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में घाटशिला बीडीओ यूनिका शर्मा, मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार, एसआई मुकूट आईद, एएसआई मार्सेज हेरेज, चतरगुन राउत और विकास विरहोर सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Also Read : रिम्स की एक करोड़ से अधिक निविदाओं की होगी उच्च स्तरीय जांच : अजय सिंह


