Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यहां बच्चों द्वारा खाया गया गुपचुप और छोला जानलेवा साबित हुआ। जानकारी के अनुसार, शाम को बच्चों ने स्ट्रीट फूड खाया था। इसके कुछ ही घंटों बाद अगली सुबह से बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
40 बच्चे बीमार, अस्पतालों में अफरा-तफरी
फूड पॉइजनिंग की इस घटना में करीब 40 बच्चे बीमार हो गए हैं। 18 बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि बाकी बच्चों को अलग-अलग निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में अचानक बढ़ी भीड़ से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस दर्दनाक घटना में एक बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों में भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि गुपचुप और छोला खाने के कुछ ही घंटों के भीतर बच्चों में उल्टी और दस्त शुरू हो गए थे। इसके बाद परिजन तुरंत बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्रशासन ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने गांव पहुंचकर बीमार बच्चों का हाल भी जाना है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि स्ट्रीट फूड में इस्तेमाल सामग्री खराब थी या साफ-सफाई में लापरवाही के कारण यह घटना हुई।
Also Read : टाटानगर स्टेशन में लोको पायलट की नृशंस ह’त्या, बाइक सवार अपराधियों ने सिर में मा’री गोली


