Ranchi : रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से नशीला पदार्थ, मोबाइल फोन और एक वाहन भी बरामद किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिलदिरी इलाके में एक घर में कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम (SIT) बनाई गई। टीम ने डीएसपी सिल्ली के साथ मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और छापेमारी शुरू की।
घर में चल रहा था नशे का कारोबार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पक्का मकान से 6 लोगों को मौके पर पकड़ा, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे। बाद में सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। इसके बाद तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं- साहिल अंसारी, जय प्रकाश कुमार महतो, गुलफान अंसारी, जावेद अंसारी, देवेन्द्र महतो, शोएब अख्तर उर्फ शोएब अंसारी और सोनू सिंह। छापेमारी में पुलिस ने कुल 14.91 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। इसके अलावा कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सिल्वर फॉइल पेपर और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सोनू सिंह नामक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदकर छोटे-छोटे पुड़ियों में बेचते थे। यह नेटवर्क ओरमांझी और आसपास के इलाकों में सक्रिय था।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस ने साफ कहा है कि इलाके में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे नेटवर्क पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read : रामगढ़: शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार


