Dhanbad : केंदुआ में धनबाद-रांची सड़क पर हुआ धंसान अब और खतरनाक रूप लेता जा रहा है। सड़क लगातार नीचे बैठ रही है और इलाके में गैस रिसाव भी तेज हो गया है। हालात ऐसे हैं कि आसपास के घरों में दरारें बढ़ती जा रही हैं और लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं। कई परिवार रात में घर छोड़कर बाहर सोने को विवश हैं, लेकिन अब तक प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया जा सका है।
DALSA की टीम ने लिया जायजा
शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम ने केंदुआ पहुंचकर पूरे प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। टीम में डालसा सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट समेत अन्य सदस्य शामिल थे। यह टीम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर मौके पर पहुंची थी। टीम ने धंसान स्थल और गैस रिसाव वाले इलाके का निरीक्षण किया और प्रभावित मकानों को करीब से देखा। साथ ही लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
लोगों की साफ मांग-मुआवजा दो, खुद हट जाएंगे
स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि वे इस खतरनाक इलाके से हटने को तैयार हैं, लेकिन बेलगड़िया में पुनर्वास स्वीकार नहीं करेंगे। उनका कहना है कि यदि जिला प्रशासन और बीसीसीएल उचित मुआवजा दे दे, तो वे खुद ही सुरक्षित जगह चले जाएंगे।
‘पहली प्राथमिकता जान की सुरक्षा’
अवर न्यायाधीश मयंक टोपनो ने कहा कि सबसे जरूरी लोगों की जान और माल की सुरक्षा है। उन्होंने प्रभावितों से कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर डालसा के नाम आवेदन दें। इसके बाद प्रशासन और बीसीसीएल के साथ बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। जरूरत पड़ने पर मामले को हाई कोर्ट तक भी ले जाया जाएगा।
स्वास्थ्य और राहत पर भी जोर
डालसा टीम ने स्वास्थ्य विभाग के जरिए मास्क और ओआरएस वितरण की बात कही है, ताकि गैस रिसाव से लोगों को राहत मिल सके। साथ ही जनकल्याण से जुड़े काम तेज करने पर भी जोर दिया गया।
ग्राउंड पर सक्रिय विशेष टीम
डालसा की विशेष टीम के सदस्य लगातार क्षेत्र में डटे हुए हैं। वे प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं, उन्हें कानूनी मदद और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है।
Also Read : मेयर समर्थक की गोली मारकर ह’त्या, घर में घुसकर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

