Dhanbad : धनबाद के केंदुआ इलाके में भूधंसान और गैस रिसाव की घटनाएं लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। शुक्रवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि स्थिति काफी गंभीर है और लोगों को बिना विकल्प दिए विस्थापित करना सही नहीं होगा।
विस्थापन से पहले रोजगार जरूरी
विधायक ने कहा कि यहां रहने वाले लोगों का जीवन और रोजगार यहीं जुड़ा हुआ है। ऐसे में उन्हें बेलगड़िया भेजने से पहले वहां रोजगार की ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ एक विकल्प थोपने के बजाय प्रशासन को अन्य विकल्पों पर भी बात करनी चाहिए।
फंड खर्च पर उठाए सवाल
बेलगड़िया के विकास के नाम पर खर्च हो रही राशि को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि इतना पैसा खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर बदलाव नजर नहीं आ रहा है। “पैसा कहां जा रहा है, यह समझ नहीं आ रहा,” उन्होंने कहा।
BCCL और प्रशासन को चेतावनी
विधायक ने BCCL और जिला प्रशासन से तुरंत पहल करने को कहा। उन्होंने मांग की कि सड़क और आवासीय इलाकों को सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही रैयतों की जमीन के मुद्दे को भी जल्द सुलझाने की जरूरत बताई।
जमीन विवाद और पुनर्वास का मुद्दा
उन्होंने कहा कि कई लोगों की रैयती जमीन है, जबकि बीसीसीएल इसे अपनी जमीन बता रही है। इस मामले में बनी विशेष समिति को जल्द समाधान निकालना चाहिए। विस्थापन तभी हो जब लोगों की शर्तों पर पुनर्वास की व्यवस्था पूरी हो जाए।
सड़क धंसान और गैस रिसाव जारी
इलाके में सड़क लगातार धंस रही है और दरारें बढ़ती जा रही हैं। वहीं पुराने महाप्रबंधक आवास के पास से लगातार गैस निकल रही है। सुरक्षा के लिहाज से इस इलाके में लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
लोगों से मिले, सहयोग का भरोसा
दौरे के दौरान विधायक ने प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन बेलगड़िया भेजने का दबाव बनाया जा रहा है। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को उपायुक्त के सामने उठाएंगे और हर संभव मदद करेंगे।
Also Read : अवैध अफीम खेती और मादक पदार्थ तस्करी पर होगी उच्चस्तरीय समीक्षा, डीजीपी की अध्यक्षता में VC आज

