Ranchi : शहर में यातायात को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए रांची नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को निगम की टीम ने रेलवे स्टेशन रोड, खादगड़ा बस स्टैंड और अरगोड़ा चौक के आसपास विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे लगे अवैध ठेला, गुमटी और अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। अभियान के दौरान निगम ने दो ठेला, एक लकड़ी का काउंटर, तीन लकड़ी के बेंच और एक गुमटी समेत अन्य सामान जब्त किया। साथ ही अतिक्रमण करने वालों पर करीब 5000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। निगम की इस कार्रवाई से कई जगहों पर जाम की समस्या कम हुई और लोगों को राहत मिली।
यातायात में बाधा बनने वाले ढांचे हटाए गए
निगम अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन रोड और अरगोड़ा चौक के पास कई अस्थायी दुकानें और गुमटियां सड़क पर फैलकर यातायात में बाधा पैदा कर रही थीं। इन्हें हटाकर सड़क को खाली कराया गया, जिससे आवाजाही अब पहले से ज्यादा आसान हो गई है।

गिफ्ट डीड की जमीन से अवैध निर्माण हटाया गया
अरगोड़ा चौक के पास गिफ्ट डीड की जमीन पर की गई सीमेंट फ्लोरिंग को भी तोड़कर हटाया गया। निगम ने साफ कहा है कि ऐसी जमीन का उपयोग केवल सार्वजनिक कार्यों के लिए ही किया जाएगा और किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा।
निगम की अपील
रांची नगर निगम ने शहरवासियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे खुद ही अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें। निगम का कहना है कि शहर को साफ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Also Read : जमशेदपुर में चेकिंग के दौरान युवक गिरफ्तार, कार से पिस्टल और जिंदा गोली बरामद


