Ranchi : झारखंड में एक बार फिर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में 17 अप्रैल को लू चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में लू का असर पड़ सकता है, उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, सिमडेगा, पूजमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। सोमवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में सुबह से ही तेज धूप रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी बढ़ती गई और दोपहर तक लोगों का हाल बेहाल हो गया। सड़क पर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए छाता, गमछा और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए।
बारिश के बाद फिर चढ़ा पारा
हाल ही में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी और लोगों को राहत मिली थी। कई जगहों पर अधिकतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया था। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से मौसम साफ रहने के कारण एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ने लगा है।
कहां कितना रहा तापमान
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान गुमला में 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम 24.7 डिग्री, डाल्टनगंज में 39.8 और 20.8 डिग्री, बोकारो में 38.1 और 20.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 36.8 और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि लू के दौरान जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और सीधे धूप में जाने से बचें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Also Read : 33% आरक्षण को भाजपा ने बताया ऐतिहासिक, MLA मंजू देवी बोलीं- गांव से संसद तक बढ़ेगी महिलाओं की ताकत

