Jamtara : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने के आरोपों को लेकर जामताड़ा में राजनीतिक माहौल गरमा गया। इस मामले के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह के नेतृत्व में यह प्रदर्शन जामताड़ा बस स्टैंड के पास किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।
कुणाल सिंह ने कहा कि पूरे झारखंड में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर लीक हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बेरोजगार युवाओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई भर्ती परीक्षा निकलती है, उसमें गड़बड़ी सामने आ जाती है, जिससे साफ होता है कि योग्य उम्मीदवारों के बजाय पैसे के आधार पर नौकरी देने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होती, युवाओं का भरोसा बहाल नहीं हो सकता।
जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे परीक्षार्थियों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता राजेंद्र राउत, जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, मिहिजाम नगर अध्यक्ष लोकेश महतो, पिंटू गुप्ता, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, विनोद चौबे, राजेश कुमार, अजित पासवान, मिथुन गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Also Read : JSSC परीक्षा पेपर लीक में बड़ी कार्रवाई : रांची पुलिस ने 5 सोल्वर और 159 अभ्यर्थी का दबोचा


