Gumla : गुमला जिले के टोटो थाना क्षेत्र के किता गांव में सरहुल पर्व के बाद घर लौट रही एक नाबालिग लड़की के साथ दरिंदगी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रदीप तुरी (24 वर्ष), सुरेश उरांव (22 वर्ष) और मुकेश लोहरा (29 वर्ष) बताए गए। तीनों आरोपी गुमला थाना क्षेत्र के किता गांव के रहने वाले हैं। आरोप है कि गांव के ही तीन युवकों ने लड़की को रास्ते में रोककर जंगल-डांड की ओर ले गए और वहां उसके साथ गैंगरेप किया।
सुबह 4 बजे घर लौट रही थी पीड़िता
पुलिस के अनुसार घटना बीते 11 अप्रैल की बताई जा रही है। पीड़िता सरहुल पर्व मनाने के बाद सुबह करीब 4 बजे अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के ही तीन युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और जंगल-डांड की ओर ले गए। वहां ले जाकर आरोपियों ने बारी-बारी से दरिंदगी की।
मां ने थाने में दी शिकायत, केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। आवेदन के आधार पर गुमला थाना में कांड संख्या 133/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला धारा 70(2), 351(2) BNS और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत दर्ज किया है।
SP के निर्देश पर बनी टीम, जंगल में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमला एसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थानेदार इंस्पेक्टर महेंद्र करमाली के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने गांव किता के जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रांची से बुलायी गई फॉरेंसिक टीम
घटनास्थल की जांच के लिए रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पीड़िता और गिरफ्तार आरोपियों का सदर अस्पताल गुमला में मेडिकल जांच कराया गया।
आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गुमला कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Also Read : चतरा पुलिस ने मनोहर गंझू पर कसा शिकंजा, चिपकाया इश्तेहार


