Ranchi : रांची नगर निगम ने साफ कर दिया है कि गिफ्ट डीड के तहत मिली जमीन पर अब किसी तरह की ढिलाई नहीं होगी। निगम ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए कहा है कि इस जमीन पर न तो दुकान चल सकती है और न ही कोई व्यावसायिक गतिविधि होगी। यह जमीन सिर्फ सार्वजनिक उपयोग के लिए है।
शहर में कई जगहों पर चली कार्रवाई
पिछले कुछ दिनों में निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर कई अवैध कब्जे हटाए हैं। 10 अप्रैल को कर्बला चौक स्थित खलील रेजिडेंसी में गिफ्ट डीड की जमीन पर बने 5 दुकानों को हटाया गया। 11 अप्रैल को लालपुर और सर्कुलर रोड इलाके में भी कार्रवाई हुई। इंडसइंड बैंक के पास बने अवैध दुकान, दृष्टि आईएएस के सामने गुमटी, पारिजात भवन और हरिओम टावर के सामने बने ढांचे को हटाया गया।
पहले भी चल चुका है अभियान
इससे पहले 20 मार्च को अशोक नगर से अरगोड़ा रोड के साईं आर्केड बिल्डिंग में गिफ्ट डीड जमीन पर हो रहे निर्माण को जेसीबी से हटाया गया था। वहीं, अगस्त 2025 में हिनू मेन रोड पर बने “श्री प्रसाद किचन हाउस” नाम के दुकान को भी हटाया गया था।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर किसी बिल्डर, भवन मालिक या भू-स्वामी की सहमति से गिफ्ट डीड जमीन पर अतिक्रमण पाया गया, तो उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। यानी आगे उन्हें किसी भी तरह की अनुमति या सुविधा नहीं मिलेगी।
निगम की अपील, खुद हटाएं अतिक्रमण
रांची नगर निगम ने सभी लोगों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज जांच लें और अगर कहीं गिफ्ट डीड जमीन पर कब्जा है, तो उसे खुद हटा लें। नहीं तो निगम कार्रवाई करेगा।
Also Read : पसई में लाश, जुए की आग और सिस्टम की चुप्पी! हजारीबाग में सुलगता गुस्सा सड़क पर फूटा


