Chatra : चतरा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे नक्सली मनोहर गंझू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची और ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तहार चिपकाया। इस कार्रवाई का मकसद साफ है कि इलाके में साफ संदेश जाए कि अब उसके पास सरेंडर के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
एसपी ने दी अंतिम चेतावनी
चतरा के एसपी सुमित अग्रवाल ने कहा कि यह कदम मनोहर गंझू को आखिरी मौका देने के लिए उठाया गया है। अगर वह जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
हत्या और लेवी वसूली के गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक, मनोहर गंझू चतरा और लातेहार के सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय तक सक्रिय रहा है। उस पर कई पुलिस जवानों की हत्या, लेवी वसूली और सरकारी कामों में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप हैं। सड़क निर्माण और अन्य परियोजनाओं में लगी गाड़ियों को आग लगाने की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया है।
MCC का सक्रिय सदस्य, हिट लिस्ट में सबसे ऊपर
मनोहर गंझू को पुलिस MCC संगठन का सक्रिय सदस्य मानती है और वह पुलिस की हिट लिस्ट में लंबे समय से शामिल रहा है। उसे पकड़ने के लिए पहले भी कई बार ऑपरेशन चलाए गए, लेकिन वह हर बार बच निकलता रहा।
अब सिर्फ एक ही बड़ा नक्सली बचा
एसपी ने बताया कि जिले के ज्यादातर बड़े नक्सली या तो मारे जा चुके हैं या गिरफ्तार हो चुके हैं। अब मनोहर गंझू ही प्रमुख रूप से बचा है, जिस पर पुलिस की खास नजर है।
नक्सल मुक्त चतरा की दिशा में बड़ा कदम
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई चतरा को नक्सल मुक्त बनाने के अभियान का अहम हिस्सा है। इस सख्ती से जहां पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है, वहीं इलाके के लोगों में भी सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
Also Read : दुष्कर्म-पॉक्सो मामलों में डीआईजी किशोर कौशल सख्त, 5 अधिकारियों को किया शोकॉज

