Ranchi : रांची के कांके इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आंगनबाड़ी सेविका के घर काम करने वाली नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में गुस्सा देखने को मिला।
शव लेकर गांव पहुंची मालकिन, भड़क उठे परिजन
जानकारी के मुताबिक सेविका सुषमा कुमारी कार से किशोरी का शव लेकर बुढ़मू के उमेडंडा पारपोखर स्थित उसके घर पहुंची। जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों ने शव देखा, वे भड़क उठे। उन्होंने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया, जबकि सेविका का कहना था कि बाथरूम में गिरने से लड़की की मौत हुई है।
शरीर पर चोट और रस्सी जैसे निशान से बढ़ी आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि शव देखकर मामला सामान्य नहीं लग रहा था। किशोरी के चेहरे, सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। इतना ही नहीं, शरीर पर रस्सी से बांधने जैसे निशान भी दिखे। लोगों ने दावा किया कि मौत एक-दो दिन पहले ही हो चुकी थी, जिससे शक और गहरा गया।
आक्रोशित लोगों ने सेविका और चालक को पकड़ा
गुस्साए ग्रामीणों ने सेविका सुषमा कुमारी, उसके कार चालक और वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही नाबालिग का शव भी लेकर थाने पहुंचे और जोरदार हंगामा किया। लोगों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
थाना क्षेत्र को लेकर उलझा मामला, फिर कांके पहुंचा केस
मामला पहले बुढ़मू थाना पहुंचा, लेकिन घटना कांके क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण पुलिस ने केस को कांके थाना भेज दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कांके थाना पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव किया।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
Also Read : उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले धनबाद में सख्ती, होटलों में पुलिस की छापेमारी


