Chaibasa : चाईबासा जिले के गुवा स्थित बड़ाजामदा बाजार में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने बाजार की दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे करीब 30 लाख रुपये के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
लगातार चोरी से व्यापारी परेशान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले एक महीने से इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। छोटे दुकानों से लेकर मोबाइल चोरी तक के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और बाजार में डर का माहौल बन गया है।
पुलिस को नाबालिग गिरोह पर शक
बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि हाल के मामलों में एक नाबालिग को चोरी किए गए मोबाइल के साथ पकड़ा गया था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से आने वाले कुछ नाबालिग बच्चे इन वारदातों में शामिल हो सकते हैं। नशे की लत के कारण वे इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
छापेमारी तेज, गश्त बढ़ाई गई
घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। चोरों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और बाजार इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
व्यापारियों ने उठाई सुरक्षा की मांग
इधर, लगातार हो रही चोरी से नाराज व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।